गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में मतदान कल, 2 लाख 17 हजार 621 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

nspnews 18-04-2024 Regional

नरसिहंपुर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के मंडला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जिले की एक विधानसभा क्षेत्र 118- गोटेगांव में शुक्रवार 19 अप्रैल 2024 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान किया जाएगा। इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान से पूर्व प्रातः 5.30 बजे सभी मतदान केन्द्रों में मॉकपोल किया जाएगा। मतदान के लिए गोटेगांव विधानसभा क्षेत्रों के बूथ के लिए सामग्री का वितरण 18 अप्रैल को कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर से किया जाएगा।
      लोकसभा निर्वाचन के लिए गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में 254 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के लिए छाया तथा पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सभी केन्द्रों में रैम्प, व्हीलचेयर, बिजली, पेयजल, शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
       विधानसभा क्षेत्र गोटेगांव में कुल 2 लाख 17 हजार 621 मतदाता हैं, जिनमें एक लाख 11 हजार 561 पुरूष, एक लाख 6 हजार 56 महिला व 4 अन्य मतदाता सम्मिलित हैं। इन मतदाताओं में 1550 पीडब्ल्यूडी मतदाता, 1911 बुजुर्ग मतदाता, 5487 नव मतदाता और 102 सर्विस वोटर शामिल हैं। गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 254 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इन मतदान केन्द्रों में 61 क्रिटिकल मतदान केन्द्र, वेबकास्टिंग 142 मतदान केन्द्र और शेडो एरिया के 3 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।

 

प्रादेशिक